लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में महज कुछ दिन शेष है, उससे पहले ही बीजेपी को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे है। कई लोगों का मानना यह है कि योगी आदित्यनाथ 2022 चुनाव में यूपी सीएम का चेहरा नहीं होंगे। बीजेपी किसी और चेहरे पर अपना दांव लगा सकती है। इन सभी कयासों और अटकलों पर गृह मंत्री शाह ने आज विराम लगा दिया है।
लखनऊ में अपनी रैली में शाह ने स्पष्ट कहा कि अगर 2024 में नरेंद्र मोदी को पीएम बनाना है तो योगी आदित्यनाथ को सीएम बनाइए। आपको बता दें कि इस ऐलान से अमित शाह ने मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पार्टी का रुख साफ कर दिया। अमित शाह ने कहा कि योगी ने 90 फीसदी वादे पूरे किए हैं। अपराध पर सख्ती का परिणाम है कि आज यूपी में बाहुबली ढूंढे नहीं मिल रहे।
उत्तर प्रदेश में 2022 का रोड मैप तैयार किया
इसके साथ ही अमित शाह ने बीजेपी की सारी उपलब्धियों को गिनाते हुए केंद्र में 2024 और उत्तर प्रदेश में 2022 का रोड मैप तय कर दिया। शाह ने कहा कि केन्द्र में अगर वर्ष 2024 में नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है तो 2022 में एक बार फिर से योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाना होगा। नरेंद्र मोदी को एक बार फिर मौका दे दीजिए। शाह ने कहा कि हमने उत्तर प्रदेश में लोक संकल्प के सारे वादे पूरे किए हैं, लेकिन अभी पांच साल का मौका और चाहिए ताकि उत्तर प्रदेश को सभी जगह पर देश में नम्बर वन पर लाया जाए।
सीएम योगी ने पूरे किए 90 फीसदी वादे
अमित शाह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी घोषणापत्र के 90 फीसदी वादे पूरे किए है और दो महीने में बचे हुए वादे भी पूरे किए जाएंगे ताकि जनता मानें कि बीजेपी जो कहती है उसे पूरा करती है। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी देश के सबसे ज्यादा युवा हैं। 53 फीसदी युवा हैं, जिनमें पार्टी से जोड़ा जाना चाहिए। गरीब, महिलाओं, दलित और पिछड़े को जोड़ना चाहिए।
शाह ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां ऐसी होती हैं जो हमेशा के लिए समाज सेवा का कार्य करती हैं। वहीं, कुछ राजनीतिक पार्टियां ऐसी होती हैं, जैसे बारिश में मेंढक बाहर आ जाता है, ऐसे चुनावी मेंढक भी चुनाव के समय ही बाहर आते हैं।
यूपी की हालत देखकर मेरा खून खौल जाता था
उन्होंने कहा कि यूपी में 15 सालों तक सपा बसपा का खेल चलता रहा है। यूपी को बर्बाद किया था। यूपी की हालत देखकर मेरा खून खौल जाता था। कैराना से पलायन हो रहे थे, लेकिन पलायन कराने वाले खुद पलायन कर गए हैं। किसी की हिम्मत नहीं है कि किसी का पलायन करा दें। एक समय था कि हर जिले में एक दो बाहुबली थे, लेकिन आज दूरबीन में बाहुबली देखे नजर नहीं आते। यूपी की लड़की रात 12 बजे बिना डर के स्कूटी के साथ जेवर लेकर निकल सकती है।