1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. पन्ना में हाईवोल्टेज ड्रामा: शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

पन्ना में हाईवोल्टेज ड्रामा: शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

पन्ना के बृजपुर में एक 20 वर्षीय युवक शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। बताया जा रहा है कि वह प्रेम प्रसंग के चलते यह कदम उठा बैठा था।

By: Nivedita 
Updated:
पन्ना में हाईवोल्टेज ड्रामा: शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

पन्ना जिले के बृजपुर क्षेत्र की हरिजन बस्ती में रविवार रात करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक 20 वर्षीय युवक शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

शोले फिल्म के अंदाज में टावर पर चढ़ा युवक

स्थानीय लोगों के अनुसार युवक ने फिल्मी अंदाज में टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। अंधेरा होने के कारण वह ऊपर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे नीचे खड़े लोगों में चिंता और दहशत का माहौल बन गया। युवक की आवाज भी नीचे तक नहीं पहुंच पा रही थी।

प्रेम प्रसंग और नशे में उठाया कदम

जानकारी के मुताबिक, बृजपुर निवासी लच्छी डुमार (20), पिता नंदू डुमार, प्रेम प्रसंग के चलते अत्यधिक शराब के नशे में यह कदम उठा बैठा। वह टावर पर चढ़कर लगातार हंगामा करता रहा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें अटकी रहीं।

 

पुलिस और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस, परिजन और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया। कई प्रयासों के बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

स्थिति सामान्य, लोगों ने ली राहत की सांस

रेस्क्यू के बाद स्थिति सामान्य हो गई। युवक को सुरक्षित नीचे उतारे जाने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

 

रिपोर्ट – राजेश रावत

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...