पन्नाः देवेंद्रनगर से रिश्तों और विश्वास के कत्ल की एक ऐसी सनसनीखेज दास्तां सामने आई है, जिसने सरकारी तंत्र की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि एक सरकारी वार्ड बॉय पति ने अपनी पहली पत्नी और 12 साल की मासूम बेटी को दस्तावेजों से ‘गायब’ कर दूसरी पत्नी का नाम दर्ज करा दिया।
बांदा निवासी रामरती कोरी का आरोप है कि उसके पति श्यामलाल ने विभाग के बाबुओं के साथ मिलकर उसकी सर्विस बुक से उसका नाम कटवा दिया। 20 साल पुराना भरोसा तब टूटा जब पता चला कि पति ने न केवल दूसरी शादी कर ली है, बल्कि सरकारी रिकॉर्ड में अब वही उसकी ‘वैधानिक’ पत्नी है।
न्याय की गुहार लगाने पर अब पीड़िता को जान से मारने और ‘शव को गायब’ करने की धमकियाँ मिल रही हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि CM हेल्पलाइन और कलेक्टर तक शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बेबस महिला रामरती ने एसपी कार्यालय में आवेदन सौंप कर अपनी बेटी के साथ सामूहिक आत्मदाह की चेतावनी दी है।
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट