हरिद्वार: सिडकुल थानाक्षेत्र के गांव हजारा ग्रंट में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर से सोने चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
परिवार रिश्तेदारी में गया था, उसी दौरान चोर खिड़की की जाली काटकर घर में घुस गए। घर से नकदी और हजारों के जेवरात चोरी हुए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
हजाराग्रंट निवासी इकबाल का परिवार शनिवार को रिश्तेदारी में गया था। घर पर ताला लगा था। उसी दौरान खिड़की की जाली काटकर चोर अंदर घुस गए।
अलमारी का लॉक तोड़कर चोरों ने घर से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी व कुछ कीमती सामान चोरी कर लिया। परिवार जब घर लौटा तो सामान बिखरा देख होश उड़ गए। तब परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
इकबाल की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव में दिनदहाड़े चोरी होने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
हालांकि पुलिस को चोरी की घटना हजम नहीं हो रही है, फिर भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सिडकुल एसओ लखपत बुटोला ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।