देहरादून में सड़क पार कर रहे एक बच्चे को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। घटना में घायल हुए बच्चे को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास करन सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने करन को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
एसओ वसंत विहार नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि मृतक की पहचान करन पुत्र रमेश साहनी निवासी कांवली रोड लक्ष्मण चौक के रूप में हुई है। उसके परिजन दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।
इस अस्पताल से करन को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ ने बताया कि घटना में परिजनों की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। बच्चे के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।