बड़वानी शहर में लंबे समय से धूल, गड्ढों और खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने जा रही है। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 20 और 21 में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष, दोनों सांसदों और वार्ड पार्षदों की मौजूदगी रही, जिन्होंने निर्माण कार्य की शुरुआत के लिए प्रतीकात्मक रूप से गेटी चलाई।
यह सीसी रोड मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के तहत लगभग 18 लाख 96 हजार रुपये की लागत से बनाई जाएगी। सड़क की कुल लंबाई 230 मीटर और चौड़ाई 5.20 मीटर तय की गई है। इस सड़क के बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
नगरपालिका सीएमओ सोनाली शर्मा ने जानकारी दी कि यह कार्य अगले दो माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि सीएम इंफ्रा फोर्थ स्कीम के तहत स्वीकृत अधिकांश कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि कुछ कार्य निर्माणाधीन हैं।
सीएमओ ने यह भी बताया कि शहर में चल रहे सीवरेज कार्यों के कारण कुछ विकास कार्यों में देरी हुई है। जैसे ही सीवरेज कंपनी अपना कार्य पूरा करेगी, बाकी बचे निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।
नगरपालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने कहा कि वार्ड 20 स्थित निमपुरा से तेजू कुशवाहा दुकान तक बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे विकास कार्यों से बड़वानी में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में सांसद, राज्यसभा सांसद, नगर पालिका अध्यक्ष, सीएमओ, वार्ड पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने निर्माण कार्य को जल्द और गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
इस नए सीसी रोड निर्माण से स्थानीय लोगों को खराब सड़कों और धूल की समस्या से राहत मिलेगी। यह परियोजना बड़वानी के शहरी विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।