1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की बड़ी पहल, 5 जगह बनेगा फुटपाथ बाजार, 200 वेंडरों को मिलेगी जगह

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की बड़ी पहल, 5 जगह बनेगा फुटपाथ बाजार, 200 वेंडरों को मिलेगी जगह

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी वेंडर बाजार बसाने की तैयारियों में जुटी हुई है। जिससे रेहडी-पटरी पर सामान बेचने वालों को आसानी हो जायेगी।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की बड़ी पहल, 5 जगह बनेगा फुटपाथ बाजार, 200 वेंडरों को मिलेगी जगह

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी वेंडर बाजार बसाने की तैयारियों में जुटी हुई है। जिससे रेहडी-पटरी पर सामान बेचने वालों को आसानी हो जायेगी। ऐसे दुकानदारों को अब पुलिस की फटकार नहीं सुननी पड़ेगी। अथॉरिटी ने इसके लिए 5 जगहों पर वेंडर जोन बनाने की तैयारियों में जुट गई है। सभी 5 जोन में करीब 200 रेहड़ी-पटरी वालों को जगह दी जाएगी। इससे जहां ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा वहीं शहर भी खूबसूरत बनेगा।

अथॉरिटी के अधिकारियों की मानें तो वेंडर जोन के लिए 5 सेक्टरों को चुना गया है। इसमें सेक्टर बीटा वन, सेक्टर-36, डेल्टा टू, अल्फा टू और बीटा टू में वेंडर जोन बसाया जाएगा। सभी 5 वेंडर जोन में करीब 200 वेंडरों मतलब रेहड़ी-पटरी के दुकानदारों को जगह दी जाएगी।

अथॉरिटी के प्लान के मुताबिक वेंडर जोन में छोटे-छोटे क्योस्क बनाए जाएंगे। यहां छोटी-छोटी जरूरत का सामान तो मिलेगा ही, साथ में ग्रेनो वाले स्ट्रीट फूड के चटखारे भी ले सकेंगे। छोटे वेंडरों के लिए शेड बनाए जाएंगे। क्योस्क हो या शेड सभी के आंवटन की एक प्रक्रिया होगी। वेंडर जोन में सेल भी लगाई जाएंगी।

अथॉरिटी की मानें तो, सभी वेंडर जोन में वेंडरों की संख्या तय कर दी गई है। उसी के मुताबिक वेंडरों को जगह दी जाएगी। तय संख्या से न एक वेंडर कम होगा और न एक ज्यादा। तय की गई संख्या के अनुसार सेक्टर बीटा वन में 40, सेक्टर-36 में 40, डेल्टा टू 45, अल्फा टू 35 और बीटा टू फार्मर्स मार्केट में 47 वेंडरों को जगह दी जाएगी।

इसके लिए वेंडर जोन का डिजाइन भी तैयार हो चुका है। वेंडर जोन बनाने का काम शुरू करने के लिए अथॉरिटी जल्द ही टेंडर जारी करने जा रही है। वेंडर जोन में ही पार्किंग और शौचालय की सुविधा भी होगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...