{ प्रदीप की रिपोर्ट }
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र दत्त शुक्ल सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। गोरखपुर के बड़हलगंज स्थित मुक्तिपथधाम पर हजारों लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
बड़े बेटे अरविंद शुक्ल ने उपेन्द्र शुक्ल के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। मौके पर मौजूद परिवार के सदस्यों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नम आखों से उन्हें विदाई दी।
इसके पहले विधि, न्याय एवं ग्रामीण अभियंत्रण मंत्री ब्रजेश पाठक ने उपेन्द्र शुक्ल के गांव सैरया तिवारी पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धाजंलि दी।
उनके साथ भाजपा के विधायक डा.राधा मोहन दास अग्रवाल, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह और भाजपा नेता अष्टभुजा शुक्ला भी थे।
सैरया तिवारी से मुक्तिपथ धाम तक उपेंद्र शुक्ला की अंतिम यात्रा में गोरखपुर, बस्ती मंडल के अलावा आसपास के अन्य जिलों से भी भाजपा के नेता-कार्यकर्ता देखे गए। उनके निधन पर दलीय सीमा भी टूट गईं।
भाजपा के अलावा कांग्रेस, सपा, बसपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के नेताओं ने सैरया तिवारी और मुक्तिपथ धाम पहुंचकर उपेन्द्र शुक्ल को अंतिम विदाई दी।