रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: लखनऊ से सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को लखनऊ के दौरे पर थे। अपने संसदीय क्षेत्र में आये राजनाथ सिंह ने सीएम योगी की जमकर तारीफ की। उन्होने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा कि योगी अपराधियों के खिलाफ “कड़ी कार्रवाई” करते हैं और उनका नाम सुनते ही अपराधियों की धड़कन रुक जाती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम योगी के साथ-साथ पीएम मोदी की भी तारीफ की। उन्होने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी की जोड़ी “भगवान ने अद्भुत बनाई है” । उन्होने आगे कहा कि अगर आदित्यनाथ मुख्यमंत्री नहीं होते तो वे अपने निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ में “इतना विकास” कभी नहीं कर पाते।
आपको बता दें कि राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने मंगलवार को 1710 करोड़ रुपये की लोक निर्माण, चिकित्सा एवं स्वाऔस्य्त् , स्मार्ट सिटी मिशन, सेतु निगम और सिंचाई समेत नौ विभागों की 180 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
लोकार्पण औऱ शिलान्यास के इस कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में जो प्रदेश में विकास हुआ है उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी में सीएम योगी की जोड़ी भगवान ने बनाई है। केंद्र में पीएम और यूपी में सीएम योगी द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाएं कोई छोटी उपलब्धि नहीं हैं।”
मंगलवार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने 90 परियोजनाओं का शिलान्यास किय़ा और इतने ही परियोजनाओं का उद्घाटन किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस मौके पर कहा कि रक्षा मंत्रालय के तहत रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) लखनऊ के पास ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण करेगा और इस संबंध में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने ढाई सौ एकड़ जमीन एक महीने में उपलब्ध कराने को कहा है।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद व मोहसिन रजा तथा लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।