गाजियाबाद : बीजेपी विधायक के मामा की हत्या का मामला सुलझा
गाजियाबाद पुलिस ने नौ अक्टूबर को हुए नरेश त्यागी हत्याकांड को सुलझा देने का दावा किया है। पुलिस ने कहा है कि मुरादनगर से भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की हत्या हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र त्यागी और विधायक के बड़े भाई गिरीश त्यागी ने कराई थी।
पुलिस ने मामले में जितेंद्र त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं गिरीश को फरार बताया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरीश ने दो महीने पहले जितेंद्र के साथ मिलकर अपने मामा नरेश की हत्या की साजिश रची और फिर सुपारी देकर ये हत्या कराई।
मुरादनगर विधानसभा सीट से विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की गाजियाबाद के लोहिया नगर में हथियारों से लैस कुछ बदमाशों ने नौ अक्टूबर को सुबह घर के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पेशे से ठेकेदार नरेश त्यागी की हत्या के करीब डेढ़ महीने बाद पुलिस ने मामले का खुला करने का दावा किया है। नरेश त्यागी की हत्या में उनके ही भांजे और विधायक के भाई का नाम आना चौंकाने वाला भी है।