खरगोन-बड़वानी। खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। संगठन में मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से खरगोन-बड़वानी समेत पूरे निमाड़ क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। नियुक्ति की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर खुशी जताई तथा सांसद पटेल को बधाई दी।
गजेंद्र सिंह पटेल का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ाव उनके विद्यार्थी जीवन से रहा है। संघ के माध्यम से उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन और सामाजिक सेवा के संस्कार हासिल किए। उन्होंने संघ में नगर कार्यवाह, तहसील शारीरिक शिक्षण प्रमुख और वनवासी कल्याण परिषद सहित अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। बाद में भाजपा संगठन में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। इनमें जिला महामंत्री, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री और प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री जैसे दायित्व शामिल रहे।
भाजपा संगठन ने गजेंद्र सिंह पटेल को समय-समय पर विभिन्न राज्यों में चुनाव और संगठन से जुड़े दायित्व सौंपे। उन्होंने मध्य प्रदेश के अलावा गुजरात, उत्तर प्रदेश, गोवा, दिल्ली और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में पार्टी के अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें 60 विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं गोवा की 40 विधानसभा सीटों पर पोस्टल बैलेट से जुड़े दायित्व भी उन्होंने संभाले। अनुसूचित जनजाति मोर्चे के 11 राज्यों के प्रभारी के रूप में भी उन्होंने संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाई।
नमो एप के जरिए चलाए गए माइक्रो डोनेशन अभियान में भी गजेंद्र सिंह पटेल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। उन्होंने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव में अभियान का दायित्व संभाला और इस अभियान में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा 2023 में सुशासन दिवस के राष्ट्रीय सह-संयोजक और 2024 के संगठन पर्व के दौरान केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं अन्य संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी निभाईं।
राजनीतिक गतिविधियों के साथ गजेंद्र सिंह पटेल सामाजिक कार्यों से भी जुड़े रहे हैं। उनकी माता की स्मृति में सुशीलादेवी उमरावसिंह पटेल सेवा संस्थान की शुरुआत 22 जून 2022 को की गई। संस्था की ओर से स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल जागरूकता, टीबी मुक्त भारत अभियान और रक्तदान से जुड़े कई शिविर आयोजित किए गए। संस्था के माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में लोगों की स्वास्थ्य जांच और सिकल सेल स्क्रीनिंग कराई गई है। वहीं टीबी मरीजों को पोषण सहायता और लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने जैसे कार्य भी किए गए हैं।
गजेंद्र सिंह पटेल विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और जनजागरण अभियानों में भी सक्रिय रहे हैं। विश्व मंगल गौ ग्राम यात्रा, शबरी कुंभ, मां नर्मदा हिंदू सामाजिक कुंभ और मां नर्मदा हिंदू संगम जैसे आयोजनों में उन्होंने संगठनात्मक एवं व्यवस्थागत जिम्मेदारियां निभाईं।
कार्यकर्ताओं के बीच गजेंद्र सिंह पटेल को प्यार से ‘गज्जू भैया’ के नाम से भी जाना जाता है। राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने के बाद निमाड़ क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ता अपने लोकप्रिय सांसद की नई जिम्मेदारी को क्षेत्र के लिए गौरव की बात बता रहे हैं।
खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से आने वाले गजेंद्र सिंह पटेल को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने को निमाड़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनका संगठनात्मक अनुभव और जनसेवा का लंबा अनुभव अब राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के काम आएगा। सोशल मीडिया के जरिए भी भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पटेल को बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि वे नई जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए भाजपा संगठन को और मजबूत बनाने में योगदान देंगे।