1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 24 दिसंबर से पीएसपी पूरे पदेश में पदयात्रा करेगी- शिवपाल

24 दिसंबर से पीएसपी पूरे पदेश में पदयात्रा करेगी- शिवपाल

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
24 दिसंबर से पीएसपी पूरे पदेश में पदयात्रा करेगी- शिवपाल

24 दिसंबर से पीएसपी पूरे पदेश में पदयात्रा करेगी- शिवपाल

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के नेता शिवपाल सिंह यादव ने ऐलान किया है कि 24 दिसंबर से पीएसपी पूरे पदेश में पदयात्रा करेगी। शिवपाल ने कहा कि अलग-अलग माध्यमों से और संवाद के विभिन्न मंचों पर सैकड़ों बार मैंने यह बात कही है कि समाजवादी धारा के सभी लोग एक मंच पर आएं और एक ऐसा तालमेल बनें, जिसमें सभी को सम्मान मिल सके और प्रदेश का विकास हो सके।

आप सभी इस बात के साक्षी रहे हैं। जहां तक समाजवादी पार्टी का प्रश्न है, अब तक मेरे इस आग्रह पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई है और न ही इस विषय पर मेरी समाजवादी पार्टी के नेतृत्व से कोई बात हुई है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मेरी मंशा स्पष्ट होने के बावजूद बात आगे नहीं बढ़ पा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रसपा का स्वतंत्र अस्तित्व बना रहेगा और पार्टी विलय जैसे एकाकी विचार को एक सिरे से खारिज करती है और अपने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को यह विश्वास दिलाती है कि उनके सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मैं एक बार फिर गैर भाजपा दलों की एकजुटता का आह्वान करता हूं। हम लगातार संगठन को मजबूत करने पर कार्य कर रहे हैं।

24 दिसम्बर से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में गांव-गांव पद यात्रा अभियान चलाएगी। इस पद यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के हर गांव में पहुंचना और पार्टी के विचारों को जनता तक पहुंचाना है। पार्टी इस संकल्प को ‘गांव-गांव पहुंचे प्रसपा जन के पांव’ के नारे के साथ आगे बढ़ाएगी।

भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गांव, गरीब, किसान, पिछड़े, दलित, व्यवसायी, मध्यवर्ग और युवाओं को सिर्फ छला है। सरकार शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान, रोजगार और इलाज उपलब्ध करा पाने में पूर्णतया नाकामयाब रही है। बेटियों को सुरक्षा और न्याय न दे पाने की वजह से जनता में सरकार के खिलाफ बहुत गुस्सा है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...