पन्ना: 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर पन्ना जिले के पटनाकला गुन्नौर स्थित शासकीय आयुर्वेद औषधालय में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श शिविर लगाया गया। यह आयोजन संचालनालय आयुष, मध्य प्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार और जिला आयुष अधिकारी डॉ. रितु द्विवेदी के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमृता तिवारी ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद लाभार्थियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर में लोगों को आयुर्वेद पद्धति के अनुरूप स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने नियमित दिनचर्या और खान-पान से जुड़ी आदतों पर ध्यान देने की सलाह दी।

डॉ. अमृता तिवारी ने शिविर में मौजूद लोगों को आयुर्वेद में बताए गए आहार-विहार, दिनचर्या और ऋतुचर्या के महत्व की जानकारी दी। बदलते मौसम के अनुसार खान-पान और जीवनशैली में आवश्यक बदलाव करने के बारे में भी लोगों को बताया गया। इसके साथ ही योग आधारित जीवनशैली को अपनाने और नियमित रूप से योग एवं शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य शिविर के आयोजन को सफल बनाने में शासकीय आयुर्वेद औषधालय के कर्मचारियों ने सहयोग किया। आयुर्वेद कंपाउंडर कपिलेंद्र राजौरिया, महिला आयुर्वेद स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्यारीबाई और दवासाज विवेक श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारियों की सहभागिता रही। शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक ही स्वास्थ्य जांच और आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।