जौनपुर: कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लॉकडाउन के बाद भी उत्तर प्रदेश में अपराध के मामले चरम पर हैं। जौनपुर से पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह को जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर को जान से मारने की धमकी देने के साथ रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
जौनपुर से बहुजन समाज पार्टी से सांसद रहे बाहुबली धनंजय सिंह का अपराध जगत तथा विवादों से काफी पुराना नाता रहा है। धनंजय सिंह को रविवार रात पुलिस ने गिरफ्तार किया। आज उनको जौनपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। धनंजय सिंह को अपहरण और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में आवास पर छापा मारकर गिरफ्तार किया गया। पूर्व सांसद पर कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक ने अपहरण और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।