विकासनगर: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने आठ दिसंबर को बुलाए गए भारत बंद में शामिल होकर किसान आंदोलन का समर्थन करने की अपील क्षेत्र की जनता से की है। उन्होंने कहा कृषि कानून जितना किसानों के लिए नुकसानदायक है, उतना ही मंडी के व्यापारियों, मजदूरों के लिए भी है।
उन्होंने कहा सभी को एकजुट होकर इस कानून के खिलाफ आवाज बुलंद करनी चाहिए। पूर्व काबिना मंत्री नवप्रभात ने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि क्षेत्र की जनता से किसानों के आहवान पर बुलाए जा रहे भारत बंद में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने अपने बयान में कहा देश की सरकार कृषि से जुड़े पूरे सेक्टर को चंद उद्योगपतियों के हवाले करना चाहती है। जिसके लिए यह कानून बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा तीनों कानून किसान विरोधी होने के साथ-साथ मंडी के व्यापारियों उनसे जुड़े मजदूरों व अन्य कारोबारों के लिए भी खतरा हैं, इसलिए सभी को एकजुट होकर इस प्रकार के कानूनों की समाप्ति के लिए संघर्ष करना चाहिए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवप्रभात ने कहा दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के नेताओं के आहवान पर बुलाए गए बंद में सभी क्षेत्रवासियों को शिरकत करके देश के अन्नदाताओं के समर्थन करने की आवश्यकता है। उन्होंने आठ दिसंबर को नगर मंडी चौक पर एकत्रित होकर केंद्र सरकार के विरोध में आयोजित किए जाने वाले प्रदर्शन में सभी क्षेत्रवासियों से प्रतिभाग करने की अपील भी की है।