रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: योगी सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल नंदी ने मंगलवार को राजधानी में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होने विभाग की समीक्षा करते हुए एयरपोर्टों और उड़ानों के बारे में भी चर्चा की। समीक्षा बैठक में मंत्री नन्दी ने कहा कि बरेली एयरपोर्ट से आगामी 12 अगस्त से मुम्बई के लिए उड़ान भरी जाएगी तो वहीं स्वतंत्रता दिवस से ठीक पूर्व 14 अगस्त से बेंगलुरु के लिए बरेली से उड़ान की सेवा शुरू हो जाएगी।
उन्होने आगे बताया कि एक महीने बाद 15 सितम्बर से कानपुर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुम्बई, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ान की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही आने वाले समय में हिंडन एयरपोर्ट से वाराणसी,लखनऊ और प्रयागराज के लिए फ्लाइट का ट्रॉयल जल्द शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही सूबे के अलीगढ़, मुरादाबाद, कुशीनगर एयरपोर्ट निर्माण का कार्य भी पूरा हो गया है।
उड्डयन मंत्री ने ये भी बताया कि आजमगढ़, श्रावस्ती,चित्रकूट,और मेरठ के एयरपोर्ट का विकास कार्य अपने अन्तिम चरण में है और जल्द ही इन शहरों से भी उड़ाने भरीं जाएंगी। इतना ही नहीं बुन्देलखण्ड क्षेत्र में वहां की जनता के लिए एयरपोर्ट की आवश्यकता पर भी सकारात्मक चर्चा की गई और जल्द ही बुंदेलखंड के लिए भी एयरपोर्ट बनाने की मंजूरी के लिए हरी झंडी दिखाई जा सकती है।
उन्होने लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर, प्रयागराज, आगरा, हिण्डन (गाजियाबाद), बरेली, अलीगढ़, आजमगढ़, श्रावस्ती, मुरादाबाद, चित्रकूट, म्योरपुर (सोनभद्र), झांसी, अयोध्या, कुशीनगर तथा सरसावा (सहारनपुर) एयरपोर्ट्स की स्थिति की भी जानकारी ली।