देश की राजधानी दिल्ली में पंजाब और हरियाणा के किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली-हरियाणा और यूपी की सीमा पर बुधवार से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में प्रदर्शन करने के किसान संगठनों की सभी मांगें नामंजूर कर दी हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कोरोना वायरस संक्रमण के दौर में अगर किसान दिल्ली में दाखिल हुए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि किसानों ने जंतर मंतर और रामलीला मैदान में प्रदर्शन की इजाजत मांगी थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इजाजत देने से इनकार किया है।
पंजाब और हरियाणा के किसानों के दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने ट्रेनों के समय कुछ बदलाव किया है।
बृहस्पतिवार को दोपहर 2 बजे तक दिल्ली से नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक मेट्रो सेवाओं पर ब्रेक रहेगी। वहीं, दिल्ली से सटे फरीदाबाद में धारा-144 लागू है और किसी तरह के प्रदर्शन पर रोक है।
दिल्ली मेट्रो ने सूचना जारी की है कि दिल्ली से पड़ोस के शहरों में मेट्रो सेवा दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगी। इसके तहत ब्लू लाइन पर आज सुबह से दोपहर दो बजे तक आनंद विहार से वैशाली और न्यू अशोक नगर से नोएडा सिटी सेंटर तक मेट्रो की सेवाएं बंद रहेगी।