1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. भूमि अधिग्रहण पर किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा, भाजपा किसान मोर्चा ने मिठाई बांटकर जताई खुशी

भूमि अधिग्रहण पर किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा, भाजपा किसान मोर्चा ने मिठाई बांटकर जताई खुशी

किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री राजीव पटेल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किसानों के हित में लिया यह निर्णय ऐतिहासिक है। पूर्व में भूमि अधिग्रहण पर किसानों को मात्र 2 गुना मुआवजा दिया जाता था, लेकिन डॉ. मोहन यादव की सरकार ने इसे बढ़ा कर चार गुना कर दिया है।

By: Naredra 
Updated:
भूमि अधिग्रहण पर किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा, भाजपा किसान मोर्चा ने मिठाई बांटकर जताई खुशी

बड़वानीः प्रदेश सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण पर किसानों को मिलने वाले मुआवजे को बढाकर चार गुना किए जाने पर जिला भाजपा किसान मोर्चा ने खुशी का इजहार किया। इस मौके पर भाजपाइयों ने जिला मुख्यालय पर श्रीराम चौक पर आतिशबाजी कर हर्ष जताया और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। हालांकि खुले चौराहे पर प्रस्तावित प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष नहीं पहुंच पाए। वहीं किसानों के मुकाबले भाजपा पदाधिकारी ही नजर आए।

इस दौरान किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री राजीव पटेल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किसानों के हित में लिया यह निर्णय ऐतिहासिक है। पूर्व में भूमि अधिग्रहण पर किसानों को मात्र 2 गुना मुआवजा दिया जाता था, लेकिन डॉ. मोहन यादव की सरकार ने इसे बढ़ा कर चार गुना कर दिया है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के संकल्प अनुसार मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार भी किसानों को समृद्ध, शक्तिशाली और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है। इस निर्णय से किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष के नहीं पहुंचने के सवाल पर प्रदेश मंत्री पटेल ने कहा कि वे किसी विशेष कार्य से लेट हो गए हैं, कुछ देर में आएंगे। इसलिए कार्यक्रम तय समय पर किया गया।

प्रेस वार्ता आतिशबाजी कार्यक्रम में ग्रामीण किसानों की मौजूदगी कम होने पर कहा कि यह शार्ट कार्यक्रम था। अभी विवाह आयोजन भी चल रहे हैं। किसानों ने भी इस फैसले को ऐतिहासिक कहा है। वहीं कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए प्रदेश मंत्री पटेल ने कहा कि कांग्रेस के पास करने के लिए कुछ नहीं हैं, सिवाय बर्तन पीटने के। जनता ने भी उन्हें दिखा दिया है कि वे सिर्फ छाती पीटने व रोने का ही काम करेगी।

बड़वानी से संवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...