नई दिल्ली : केंद्र सरकार द्वारा पारित तीन कृषि कानून को लेकर किसान लगातार पिछले 11 महीने से प्रदर्शन कर रहे है। इस कारण दिल्ली-यूपी और हरियाणा-यूपी से आने जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच आम लोगों के राहत को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। गौरतलब है कि टिकरी बॉर्डर के बाद अब पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर से भी बैरिकेड हटाने शुरु कर दिये है।
जानकारी मिली है कि गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस ने सबसे पहले कंटीले तार हटाने शुरू किए हैं। इससे पहले गुरुवार रात टिकरी बॉर्डर से बैरिकेडिंग हटानी शुरू की गई थी। दिल्ली की सीमा के नजदीक गाज़ीपुर बॉर्डर पर किसानों के धरना स्थल पर लगे बैरिकेडिंग को पुलिस ने हटाया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, ‘सरकार की तरफ से आदेश है इसलिए हम बैरिकेडिंग हटाकर रास्ता खोल रहे हैं।’
पुलिस कमिश्नर ने क्या कहा
पुलिस बैरिकेड क्यों लगाए गए थे, इसपर दिल्ली के पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने कहा कि यह बैरिकेड नोएडा में लॉ एंड ऑर्डर की सिचुएशन को देखते हुए लगाए गए थे, अब किसानों से बातचीत की जा रही है और जल्द ही उम्मीद की जाती है कि यह रास्ता आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
Police barricading being removed from Ghazipur (Delhi-Uttar Pradesh) border where a farmers’ agitation against the three farm laws is underway.
A Police personnel at the spot says, “The barricades are being removed, the route is being opened. We received the orders.” pic.twitter.com/Au2XN6uvmp
— ANI (@ANI) October 29, 2021
राकेश अस्थाना ने कहा कि रास्ता खोलने के लिए पुलिस भी तैयार है, लेकिन किसान इस बात का वादा करें कि किसी प्रकार की कोई अराजकता नहीं होगी। फिलहाल जब तक पुलिस और किसानों के बीच पूरी तरह से समझौता नहीं हो जाता तब तक रास्ता बंद ही रहेगा।
सुप्रीम कोर्ट ने जताई थी नाराजगी
बता दें कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़कों को ब्लॉक करने पर नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने कहा था कि लंबे वक्त तक ऐसे किसी रास्ते को बंद नहीं किया जा सकता, क्योंकि इससे आम लोगों को दिक्कत होती है। इसके बाद गाजीपुर बॉर्डर पर राकेश टिकैत ने अपने कुछ टेंट हटाकर यह दिखाने की कोशिश की थी कि रास्ता किसानों ने नहीं बल्कि पुलिस ने बैरिकेड लगाकर बंद किया हुआ है। टिकैत के उसी आरोप के बाद अब पुलिस ने पहले टिकरी और अब गाजीपुर से बैरिकेड हटाने शुरू किए हैं।