1. हिन्दी समाचार
  2. केंद्र सरकार
  3. मोदी के दौरे को लेकर अमेरिका में जबरदस्त उत्साह, भारतवंशियों ने कई शहरों में निकाला स्वागत मार्च

मोदी के दौरे को लेकर अमेरिका में जबरदस्त उत्साह, भारतवंशियों ने कई शहरों में निकाला स्वागत मार्च

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 21 से 24 जून को अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। मोदी की इस राजकीय यात्रा को लेकर अमेरिका में भारतीय-अमेरिकियों में जबरदस्त उत्साह है। उनकी यात्रा से पहले सैकड़ों भारतवंशी अमेरिका के 20 शहरों में प्रमुख स्थानों पर एकत्र हुए और उन्होंने पीएम मोदी के स्वागत में मार्च निकाला। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन 22 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
मोदी के दौरे को लेकर अमेरिका में जबरदस्त उत्साह, भारतवंशियों ने कई शहरों में निकाला स्वागत मार्च

नई दिल्लीः अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 21 से 24 जून को अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। मोदी की इस राजकीय यात्रा को लेकर अमेरिका में भारतीय-अमेरिकियों में जबरदस्त उत्साह है। उनकी यात्रा से पहले सैकड़ों भारतवंशी अमेरिका के 20 शहरों में प्रमुख स्थानों पर एकत्र हुए और उन्होंने पीएम मोदी के स्वागत में मार्च निकाला। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन 22 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। पीएम मोदी 22 जून को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी वाशिंगटन के प्रतिष्ठित ‘रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग एंड इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर’ में 23 जून को आयोजित कार्यक्रम में भारतीय-प्रवासियों को संबोधित करेंगे।

बीते दिन वाशिंगटन डीसी और उसके आस-पास के क्षेत्रों से सैकड़ों भारतीय-अमेरिकी नेशनल मोन्यूमेंट के पास एकत्र हुए। जहां उन्होंने एकता का संदेश देते हुए कहा कि वे शहर में पीएम मोदी के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने जुलूस निकालते हुए भारत-अमेरिका दोस्ती के नारे लगाते हुए ‘मोदी-मोदी’ के नारे भी लगाए। वहीं ह्यूस्टन में भारतीय-अमेरिकी सदस्यों ने तिरंगा लहराते हुए शुगरलैंड मेमोरियल पार्क में एकत्र हुए। इसके अलावा सैन फ्रांसिस्को, लॉस एंजिलिस, अटलांटा, बोस्टन, मियामी, शिकागो, टाम्पा, डलास, सैक्रामेंटो, कोलंबस और सेंट लुइस में भी इसी तरह के कार्यक्रम हुए। ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्यदूत असीम महाजन ने कहा कि भारतीय अमेरिकी समुदाय के साथ ही ऊर्जा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आईटी जैसे विभिन्न उद्योगों से जुड़े प्रमुख व्यापारिक हितधारक प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक यात्रा को लेकर वास्तव में उत्साहित और आशावादी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत में उन्हें पूरे देश से प्रमुख व्यावसायिक घरानों, निर्वाचित अधिकारियों समेत भारतीय-अमेरिकी संगठनों से हर रोज बड़ी संख्या में संदेश मिल रहे हैं।

 

बता दें कि मोदी के स्वागत में बृहस्पतिवार को व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में आयोजित समारोह में कई हजार भारतीय-अमेरिकियों के शामिल होने वाले हैं। जहां राष्ट्रपति बाइडन तथा प्रथम महिला डॉ. जिल बाइडन उनका स्वागत करेंगे। अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र में मोदी का संबोधन सुनने के लिए बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकी अब भी टिकट की तलाश में हैं। वहीं प्रधानमंत्री के सम्मान में आयोजित भोज में करीब 400 लोग शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। जिसमें गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, माइक्रसॉफ्ट के सत्य नडेला, फेडएक्स के राज सुब्रमण्यम समेत भारतीय-अमेरिकी सांसद एमी बेरा, राजा कृष्णमूर्ति, प्रमिला जयपाल, रो खन्ना और श्री थानेदार के जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...