1. हिन्दी समाचार
  2. कृषि मंत्र
  3. केंद्रीय मंत्री ने माना, सब्सिडी वाला खाद औद्योगिक इस्तेमाल में हो रहा डायवर्ट

केंद्रीय मंत्री ने माना, सब्सिडी वाला खाद औद्योगिक इस्तेमाल में हो रहा डायवर्ट

शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को राहत देते हुए कहा कि यूरिया और DAP की कीमतें नहीं बढ़ेंगी। सरकार फार्मर ID आधारित सिस्टम लागू कर जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाएगी।

By: BS Yadav 
Updated:
केंद्रीय मंत्री ने माना, सब्सिडी वाला खाद औद्योगिक इस्तेमाल में हो रहा डायवर्ट

कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद केंद्र सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने स्पष्ट किया कि यूरिया और DAP की कीमतों में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि यूरिया की एक बोरी 266 रुपये और DAP की बोरी 1,350 रुपये में ही उपलब्ध रहेगी।

सरकार ने खाद पर सब्सिडी जारी रखने के लिए 41,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त आवंटन को मंजूरी दी है, जिससे बढ़ी हुई लागत का बोझ किसानों पर नहीं पड़ेगा। शिवराज चौहान ने माना कि कई बार सब्सिडी वाला खाद किसानों तक पहुंचने के बजाय औद्योगिक या अन्य गैर-कृषि उपयोग में डायवर्ट हो जाता है, जिससे असली किसानों को नुकसान होता है।

इस समस्या के समाधान के लिए सरकार ‘फार्मर ID’ आधारित नई व्यवस्था लागू करने जा रही है। इस प्रणाली के तहत हर किसान की जमीन, फसल और परिवार से जुड़ा डेटा एक यूनिक आईडी से जोड़ा जाएगा। इसी आधार पर तय होगा कि किस किसान को कितनी खाद की जरूरत है, जिससे सही लोगों तक खाद की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी और कालाबाजारी पर रोक लगेगी।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अब तक 9.29 करोड़ से अधिक फार्मर ID तैयार हो चुकी हैं और सरकार का लक्ष्य इसे 13 करोड़ किसानों तक पहुंचाना है। साथ ही बंटाईदार और किरायेदार किसानों को भी इस व्यवस्था में शामिल करने के लिए एक व्यावहारिक मॉडल तैयार किया गया है, जिसका मध्य प्रदेश और हरियाणा में सफल परीक्षण हो चुका है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...