रिपोर्ट: सत्यम दुबे
फिरोजाबाद: यूपी के उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसा है। शर्मा ने कहा कि 400 सीटें जीतने का ख्याल दिल बहलाने के लिए अच्छा है। शुक्रवार उर्जा मंत्री फिरोजाबाद के जसराना पहुंचे। यहां उन्होंने विधानसभा योजना बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होने कहा कि पहले सरकारें अपने परिवार के साथ माफिया को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही थीं, लेकिन भाजपा की सरकार जरूरतमंदों और गरीबों को लाभ देने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने दावा किया कि 2022 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश में अपना परचम कार्यकर्ताओं के दम पर लहराएगी। जसराना के रानी अवंतीबाई इंस्टीट्यूट ऑफ एजूकेशन में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की विधानसभा स्तरीय बैठक का शुभारंभ करते हुए ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व देश और प्रदेश की बेहतरी के लिए कार्य हो रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कोरोना काल में सबसे पहले वैक्सीन की व्यवस्था करने के साथ गरीबों एवं असहायों को राशन देने का कार्य किया है। ऊर्जा मंत्री ने सपा और बसपा को निशाना साधते हुए दोनों दलों को कॉकटेल पार्टियां बताया। वहीं अखिलेश यादव के 400 सीटों के दावे पर कहा कि यह ख्याल दिल बहलाने के लिए अच्छा है।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह लोधी, आरडी सिंह चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख जसराना संध्या लोधी, ब्लॉक प्रमुख एका ज्योति किरन, जिला महामंत्री राजीव गुप्ता, एलडीबी अध्यक्ष नीलकमल यादव, त्रिलोकीनाथ शर्मा, जसवीर सिंह यादव, अमलेंद्र लोधी आदि मौजूद रहे।
आपको बता दें कि हाल ही में अखिलेश यादव ने एक टीवी चैनल के प्रोग्राम में कहा था कि वो आगामीं होने वाले विधानसभा चुनाव में 400 सीटें जीतेंगे। और तीन सीट छोड़ देंगे विपक्ष की मजबूती के लिए।