रिपोर्ट: सत्यम दुबे
आगरा: भारतीय जनता पार्टी आगामीं UP विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। चुनाव की आहट आते ही सभी रातनीतिक पार्टियां ऐक्टिव हो गई हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने साफ संकेत दे दिया है कि आगामीं विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन करने वाले दिग्गज बीजेपी विधायकों का टिकट कटेगा। इसके साथ ही साल 2022 के विधानसभा चुनाव में नए चेहरों को मौका मिलेगा।
आपको बता दें कि रविवार को आगरा में ब्रज क्षेत्र के संगठन की बैठक में नड्डा ने यह संकेत दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि खराब प्रदर्शन करने वाले विधायक अपने में सुधार लाएं वरना टिकट कट जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि साल 2022 में नए चेहरों को मौका मिलेगा।
आगरा के ब्रज क्षेत्र में 12 जिलों के पदाधिकारियों के साथ हुए बैठक में जेपी नड्डा ने विश्वास जताया कि साल 2022 में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि टिकट किसी को भी मिले सभी मतभेद भुलाकर उसे जीत दिलानी है। यहां उन्होने जीत का गुरुमंत्र देते हुए कहा कि चुनाव से पहले सभी मतभेद दूर कर लें।
उन्होने आगे कहा कि जो रूठे हैं उन्हें मनाएं। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र में 2017 की ऐतिहासिक जीत को 2022 में दोहराना है। 2017 के चुनावों में बीजेपी ने ब्रज क्षेत्र की 67 में से 57 सीटों पर जीत हासिल की थी। एक बार फिर पार्टी अपने उसी प्रदर्शन को दोहराना चाहती है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आक्रामक अंदाज में चुनाव की तैयारियों में जुट जाने को कहा। उन्होंने कहा कि तैयारी ऐसी करो कि विपक्ष को पराजय नजर आने लगे। सरकार ने जो कीर्तिमान बनाए हैं, उन्हें घर-घर तक पहुंचाओ। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें एकजुटता के साथ चुनाव लड़ना होगा। जनता के बीच जाकर विपक्ष को बेनकाब करना होगा।