पन्ना। गुनौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने अमानगंज प्रवास के दौरान शिक्षा, कृषि और जनसेवा से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग संस्थान का शुभारंभ किया, किसानों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के नवनियुक्त एल्डरमैन पार्षदों का सम्मान किया।
विधायक कार्यालय परिसर में स्वर्गीय जी.एल.वी. मेमोरियल कोचिंग संस्थान की शुरुआत की गई। “सपना आपका… संकल्प हमारा” थीम पर शुरू किए गए इस केंद्र में मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क कराई जाएगी। यहां एसएससी, रेलवे, एमपीपीएससी, एमपी पुलिस, आर्मी, एसएससी जीडी सहित अन्य परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री, टेस्ट सीरीज और विशेषज्ञों की कक्षाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम में प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन से ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कोचिंग संस्थान क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अमानगंज में भारतीय किसान संघ के तत्वावधान में आयोजित किसान बैठक में कृषि विकास, जैविक खेती और किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने किसानों से संवाद करते हुए सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि भविष्य में संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में विशेष किसान सम्मेलन आयोजित कर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रवास के दौरान अमानगंज, गुनौर, ककरहटी और देवेंद्रनगर के नवनियुक्त एल्डरमैन पार्षदों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी पार्षदों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक ने सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान, विद्यार्थी और क्षेत्र के अनेक नागरिक मौजूद रहे। अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए जनसहभागिता को क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया गया।