उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने शराब के नशे पहले तो पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। फिर जान से मारने की नियत से उसका गला दबा लिया। इस दौरान जब पत्नी की जीभ बाहर निकल आई तो उसे दांत से काट कर अलग कर दिया।
पत्नी खून से लथपथ, दर्द से तड़पती रही, लेकिन हैवान बना पति उसे पीटता रहा। शोर-शराबा सुनकर पड़ोस के लोग दौड़े और उन्होंने महिला को बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामला पारा थाना क्षेत्र के भपटामऊ का है। यहां रहने वाला रचित रावत प्राइवेट जॉब करता है। बीते सोमवार की रात रचित नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पत्नी सुमन से गाली-गलौज करने लगा। जब सुमन ने इसका विरोध किया तो उसे पीटने लगा। रचित ने डंडे से भी सुमन को बुरी तरह पीटा।
उसने पिटाई के दौरान सुमन का गला दबाते हुए उसे बेड पर गिरा दिया। गला दबने से सुमन की जीभ बाहर निकल आई तो रचित ने उसे दांत से काट दिया। जीभ कटते ही सुमन खून से लथपथ हो गई और दर्द से तड़पने लगी। इसके बाद भी रचित उसकी पिटाई करता रहा।
घर से हंगामा और चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर सुमन को रचित से बचाया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुमन को तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति रचित को गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ साल पहले ही दोनों की शादी हुई थी। रचित अक्सर शराब पीकर पत्नी सुमन से झगड़ा करता था। इंस्पेक्टर पारा त्रिलोकी सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सुमन का इलाज चल रहा है।