रिपोर्ट:- मोहम्मद आबिद
पीलीभीत: दहेज एक ऐसा दानव जिसकी भेंट अभी तक न जाने कितनी बेटियां चढ़ चुकी है और हर रोज ऐसी ही घटनाएं सामने आ रही हैं । इस दानव के खिलाफ कई कानून भी बन चुके है लेकिन दहेज दानव लोभी पति या ससुराल के लोग कुछ पैसों की लालच में बेटियों को मौत के घाट उतार देते हैं।
पूरा मामला पीलीभीत का है जहां दहेज की खातिर ससुरालियों ने नवविवाहिता की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया और मृतक नवविवाहिता के परिजनों को सूचना दिए बिना ही उसको दफना दिया। वहीं पूरे मामले की जानकारी मृतका के परिजनों को मिली, जिसके बाद वे बेटी के ससुराल पहुंचे। उन्होंने पूरे घटना की जानकारी ली । जिसके बाद उन्होंने पुलिस में आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराने के साथ सबूत मिटाने का भी आरोप लगाया है।
बतादें की कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुरकलां निवासी इरशाद खां ने अपनी बेटी की शादी दो साल पहले पूरनपुर देहात क्षेत्र में अहमदनगर निवासी उबैस के साथ की थी। और उन्होंने हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया लेकिन दहेजलोभी ससुराली खुश नहीं हुए। और आए दिन उससे दो लाख रुपये की नकदी, एक बाइक की मांग करते रहे थे।
पीड़ित परिजनों का आरोप है की 21 सितंबर 2020 को ससुरालियों ने मानसिक प्रताड़ित कर घर से एक जोड़ी कपड़ों में निकाल दिया। इसकी उन्होंने अगले दिन पुलिस को सूचना दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने बातचीत कर बेटी को ससुराल भेज दिया जिस बाद 17 जनवरी की सुबह छह बजे सूचना मिली कि बेटी की ससुरालियों ने दहेज के खातिर फंदे पर लटकाकर हत्या कर दी है। लाश को दफन कर दिया गया है। वहीं अब पूरे मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है और शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम किया जाएगा।