धामनोद। मध्य प्रदेश के धामनोद नगर में लंबे समय से सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर नागरिकों, व्यापारियों और किसानों में नाराजगी का माहौल बना हुआ था। पिछले दो वर्षों से जर्जर सड़कों और अधूरे विकास कार्यों के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी बीच धर्मपुरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कालू सिंह ठाकुर ने नगर में साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत कर विकास को नई गति देने का प्रयास किया है।
विशेष बात यह रही कि इन परियोजनाओं का केवल भूमिपूजन नहीं किया गया, बल्कि कई कार्यों को तत्काल प्रभाव से शुरू भी कर दिया गया। विधायक ने इसे “हैंड टू हैंड” विकास मॉडल बताते हुए कहा कि जनता अब विकास कार्यों को जमीन पर होते हुए देख सकेगी।

नगर में पिछले सात दिनों के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई है। इनमें मंडी रोड पर डामरीकरण, सुंदरेल फाटे पर नई डामर सड़क का निर्माण, मध्य डिवाइडर निर्माण तथा लाइटिंग पोल स्थापना जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर 21-21 फीट चौड़ी सड़क निर्माण योजना पर भी कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
वहीं बालाजी मंदिर से सुंदरेल फाटे तक सीसी रोड निर्माण की योजना भी तैयार है। संबंधित क्षेत्र में सीवरेज कार्य पूर्ण होते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 10 स्थित मुक्तानंद परिसर के मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कालू सिंह ठाकुर ने कहा कि कुछ विकास कार्यों में तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से देरी अवश्य हुई, लेकिन क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कभी कम नहीं हुई। उन्होंने नगरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से धामनोद को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और अब विकास की गति को कोई नहीं रोक सकता। विधायक ने भरोसा दिलाया कि सभी निर्माण कार्य समय सीमा में पूरे कराए जाएंगे ताकि लोगों को बेहतर सड़क और बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने वरिष्ठ पत्रकार राम महाजन के स्वास्थ्य का हालचाल भी जाना और उनके परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ बीमारी के उपचार हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।