राजधानी भोपाल के अंबेडकर पार्क में आज गौ भक्तों और संतों ने एक बड़ा आंदोलन शुरू किया। ‘गौ प्रतिष्ठा धर्म युद्ध शंखनाद’ के तहत हुए इस प्रदर्शन में मध्य प्रदेश सरकार से गौ माता को राज्य माता का दर्जा देने और प्रदेश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने मुख्यमंत्री को 33 दिन पहले इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में गौ भक्त और संत भोपाल में एकत्र हुए।
आंदोलन के दौरान संतों के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री की सद्बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। प्रदर्शन स्थल पर धार्मिक वातावरण के बीच लोगों ने अपनी मांगों को दोहराया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने सरकार से जल्द कार्रवाई की अपील की है।