मुंबई में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की आलोचना वाले कार्टून को व्हट्सएप पर फॉरवर्ड करने को लेकर पूर्व नौसेना अधिकारी की पिटाई का मामला अब बढ़ता ही जा रहा है। वहीं महाराष्ट्र में विपक्ष की भूमिका निभा रही भाजपा ने इस मामले में महाराष्ट्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
महाराष्ट्र में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को उद्धव सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बहुत ही गलत और स्टेट स्पाॅन्सर्ड टेरर वाली स्थिति है। मैंने अपने ट्वीट से उद्धव जी का ध्यान गुंडाराज की ओर खींचा है। 10 मिनट के अंदर छह आरोपियों का छोड़ दिया जाता है।
वहीं, इस मामले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रिटायर्ड नौसेना अधिकारी मदन शर्मा से बात की। उनपर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया था। पूर्व सैनिक पर इस तरह का हमला बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। मैं कामना करता हूं कि मदन जी जल्द ठीक हो जाएं।
आपको बता दें कि शुक्रवार को शिवसैनिकों ने पूर्व नौसेना अधिकारी मदन शर्मा पर जानलेवा हमला कर दिया था। इसमें उन्हें कुछ चोटें आई। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार जरूर किया था लेकिन शनिवार को ही आरोपियों को जमानत मिल गई।
वहीं आरोपियों को जमानत मिलने के बाद पूर्व नौसेना अधिकारी की बेटी ने भाजपा नेताओं के साथ मुंबई के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गैर-जमानती अपराधों के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।