पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में हीरे की तलाश को लेकर रुंझ नदी के आसपास एक बार फिर लोगों की भीड़ जुटने लगी है। दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे लोग नदी की रेत, मिट्टी और कंकड़ छानकर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मजदूरों और गरीब परिवारों के साथ ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्हें कारोबार में नुकसान उठाना पड़ा है।
बताया जा रहा है कि अमानगंज, छतरपुर समेत बिहार और मुंबई से भी कुछ लोग हीरे की तलाश में यहां पहुंचे हैं। तेज गर्मी के बावजूद लोग घंटों नदी की चाल छानते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच हीरा मिलने की चर्चाओं के बाद यहां लोगों की संख्या बढ़ी है। कुछ लोगों का दावा है कि उन्हें छोटे हीरे मिले हैं। रिंकू कुशवाहा को करीब 35 हजार रुपये कीमत का हीरा मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में हीरा मिलने की चर्चाओं को अफवाह बताया है।

रुंझ नदी का यह क्षेत्र विश्रामगंज रेंज के अंतर्गत बताया जा रहा है। अवैध खनन और बिना अनुमति गतिविधियों को रोकने के लिए वन विभाग ने कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने नदी किनारे बनी अस्थायी झोपड़ियों को हटाया और हीरा तलाशने में इस्तेमाल किए जा रहे कुछ उपकरण भी जब्त किए। कार्रवाई के बाद नदी किनारे जुटने वाली भीड़ में काफी कमी आने की बात कही जा रही है। जहां पहले हजारों लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा था, वहीं अब करीब 100 से 150 लोगों के आसपास ही लोग नजर आ रहे हैं।
हीरे की तलाश में पहुंचे लोगों के लिए यह सिर्फ किस्मत आजमाने का प्रयास नहीं, बल्कि आर्थिक स्थिति बदलने की उम्मीद भी है। कई लोग यहां आने-जाने और रहने-खाने में बड़ी रकम खर्च करने का दावा कर रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोगों की उम्मीद अभी भी कायम है। वन विभाग की कार्रवाई के बाद भी कुछ लोग चोरी-छिपे नदी में मिट्टी और कंकड़ की छनाई कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से अवैध खनन रोकने के लिए कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।