1. हिन्दी समाचार
  2. Ujjain
  3. बारिश के बीच पुलिया पार करना पड़ा भारी, SDRF और होमगार्ड ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

बारिश के बीच पुलिया पार करना पड़ा भारी, SDRF और होमगार्ड ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र में उफनते नाले की पुलिया पार करते समय सहायक सचिव सूर्यप्रताप सिंह राजपूत बाइक समेत बह गए। लगातार 38 घंटे चले SDRF और होमगार्ड के सर्च ऑपरेशन के बाद उनका शव चंबल नदी से बरामद किया गया।

By: Nivedita 
Updated:
बारिश के बीच पुलिया पार करना पड़ा भारी, SDRF और होमगार्ड ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

उज्जैन। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें उफनते नाले की पुलिया पार करने के प्रयास में पंचायत के सहायक सचिव की मौत हो गई। लापता होने के करीब 38 घंटे बाद उनका शव चंबल नदी से बरामद किया गया।

काम से लौटते समय हुआ हादसा

घटना इंगोरिया थाना क्षेत्र की है। ग्राम गावड़ी निवासी 35 वर्षीय सहायक सचिव सूर्यप्रताप सिंह राजपूत गुरुवार शाम अपने कार्यस्थल से बाइक पर घर लौट रहे थे। रास्ते में उनके साथ मौजूद साथी अलग हो गया, जिसके बाद वे अकेले गावड़ी–लोढ़ा मार्ग स्थित छोटी खाल की उफनती पुलिया पर पहुंचे।

तेज बहाव में बह गई बाइक

लगातार बारिश के कारण पुलिया पर तेज पानी का बहाव था। इसके बावजूद उन्होंने बाइक सहित पुलिया पार करने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वे बाइक समेत तेज बहाव में बह गए।

SDRF और पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही इंगोरिया पुलिस, SDRF और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रातभर चले अभियान के दौरान करीब डेढ़ बजे उनकी बाइक बरामद हुई, हालांकि सहायक सचिव का कोई सुराग नहीं मिला।

 

38 घंटे बाद चंबल नदी से मिला शव

लगातार दूसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी रहा। तीसरे दिन होमगार्ड की टीम ने मोटर बोट की मदद से चंबल नदी में सर्चिंग की, जहां लगभग 38 घंटे बाद सहायक सचिव का शव बरामद किया गया। तेज बहाव और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।

प्रशासनिक टीम की संयुक्त कार्रवाई

होमगार्ड कमांडेंट संतोष जाट के अनुसार, SDRF, होमगार्ड और पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार दो दिनों तक बिना रुके सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख जताया है और लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

 

रिपोर्ट – प्रियंक

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...