कानपुर: शहर में शिक्षा के आड़ में ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय है। चकेरी थानाक्षेत्र में एक ऐसा ही मामला आया है जहां ठेकेदार से काम कराने के बाद शहर के एक नामचीन स्कूल के संचालकों ने 10 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की ठगी की है। सेंट मेरी ऑर्थोडॉक्स सीरियन चर्च सोसाइटी और मदर टेरेसा स्कूल के शातिर संचालको ने गिरोह बनाकर ठगी और धोखाधड़ी की है।
फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश के बाद एफआईआर तो लिखी गई लेकिन चकेरी थाने से गिरफ्तार कर उन्हें छोड़ भी दिया गया। शिक्षा की आड़ में धोखाधड़ी करने वाला ये गिरोह ठेकेदार को धमका भी रहा है। जिसके बाद पीड़ित ठेकेदार न्याय की आस में दर-दर भटक रहा है।
10 करोड़ से ज्यादा की रकम डकार गए
चकेरी इंस्पेक्टर ने वादी को खुद ही उसके साथ 10 करोड़ की धोखाधड़ी करने वालों की गिरफ्तारी होने की जानकारी दी। फिर अचानक आरोपियों को थाने से छोड़ भी दिया, पकड़े गए आरोपियों में नामजद केपी विनोद और जीजी एम चाको थे। आरोपियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर आईपीसी 420, 467 ,468,471, 120B जैसे संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका था। इतना ही नहीं, इन्ही आरोपियों के खिलाफ शहर के अन्य थानों में भी करोड़ों की धोखाधड़ी के ही मुकदमें दर्ज हैं फिर भी चकेरी पुलिस ठगी करने वाले गिरोह को वीआईपी ट्रीटमेंट दे रही है। बतादें कि मुकदमे की जांच खुद इंस्पेक्टर चकेरी रवि श्रीवास्तव कर रहे हैं। चकेरी पुलिस की इस कारिस्तानी से वादी हैरत में है और न्याय की उम्मीद में भटक रहा है।
पीड़ित ने सीएम से लगाई न्याय की गुहार
पूरे मामले में पीड़ित ने कहा कि माफिया घर की रेकी कर रहे है और परिवार की जान को खतरा है।जिसके बाद पीड़ित ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।