घर में चोरी छिपे शराब बेचने के विरोध और पुलिस से शिकायत करने से नाराज छोटे भाई ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर 70 वर्षीय बड़े भाई पर डंडों व ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया है जबकि उसके दोनों बेटे भाग निकले।
ग्रामीणों व परिजनों ने उच्चाधिकारियों व क्षेत्रीय विधायक को बुलाने की मांग करते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिस को घटना की सिलसिलेवार जानकारी भी दी। एएसपी ने कड़ी कारवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
औरास थाना क्षेत्र के जवन गांव निवासी दलगंजन सिंह सात भाइयों में दूसरे नंबर के थे। छोटा भाई राकेश सिंह क्षेत्र के ठेकों से देशी शराब लाकर घर में अवैध तरीके से बिक्री करता था। घर में भीड़ जुटने व अक्सर गाली-गलौज से तंग बड़ा भाई दलगंजन लगातार इसका विरोध करता था। पिछले दिनों दलगंजन ने इसकी शिकायत पुलिस से भी की थी।