बलिया जिले के शिवपुर दीयर ब्यासी क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी से छेड़खानी के मामले में नया मोड़ आ गया है। अस्पताल में भर्ती नाबालिग किशोरी के पिता ने गांव के ही तीन युवकों पर जबरन तेजाब पिलाने का आरोप लगाया है। तीन जून की इस घटना में 12 जून को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी देवेन्द्र नाथ ने गांव पहुंचकर मामले की पड़ताल की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किशोरी के पिता ने बताया कि गांव के तीन युवकों ने कुछ दिनों पहले मेरी नाबालिग बेटी को जबरन तेजाब पिला दिया। किसी तरह घर पहुंची बेटी ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। उसकी हालत खराब होने पर परिजनों ने शहर के निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया है। पिता का आरोप है कि इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गयी है, लेकिन पुलिस आरोपियों को बचा रही है।