चीन से निकले जानलेवा कोरोना वायरस का दायरा प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, कई देशों में फैलने के बाद अब यह वायरस भारत में भी दस्तक देने लगा है। इस वायरस के कुल 28 मामले देश में सामने आए हैं। इनमें से 12 भारतीय हैं और 16 विदेशी शामिल हैं। वहीं, इस वायरस की वैक्सीन बनाने को लेकर चीन को बड़ी सफलता मिली है।
दरअसल, चीन लगातार इस दिशा में काम कर रहा है और अब दावा किया है कि उसने कोरोना वायरस (कोविड-19) से बचने के लिए एक वैक्सीन खोज निकाली है। इस खबर से कई देशों ने राहत की सांस ली है।
बताते चलें कि, कुछ साल पहले एसएआरएस (सार्स) और इबोला जैसे खतरनाक वायरस से बचने की वैक्सीन बनाने वाली चीनी सेना की मेजर जनरल की टीम ने इस वैक्सीन को ईजाद किया है। चीनी सेना की मेडिकल टीम पिछले एक महीने से वुहान में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की मेडिकल विशेषज्ञ शेन वेई के नेतृत्व में इक वैक्सीन को तैयार करने में लगी थी। चाइना सेंट्रल टेलीविजन के मुताबिक शेन की टीम ने कोरोना वायरस की इस वैक्सीन को तैयार करने में कामयाबी पा ली है।
53 साल की शेन ने सीसीटीवी को बताया कि उनकी टीम ने रात-दिन कर इस वैक्सीन के क्लिनिकल एप्लीकेशन को तैयार कर लिया है। 2002 में सार्स फैलने के दौरान औऱ 2014 में इबोला वायरस के खतरे से बचाने में अहम भूमिका निभाने वाली शेन और उनकी टीम के साथ मिलकर मिलिट्री मेडिकल साइंस अकादमी ने ऐसे खतरनाक वायरस से बचने के लिए वायरस की जांच के लिए एक किट, दवाइयां और वैक्सीन बनाने में कामयाबी पाई है।