देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे है। इसी बीच भारत बायोटेक की कोरोना वैक्सीन ‘कोवैक्सीन’ से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आ आई है। भारत बायोटेक ने घोषणा की है कि कोवैक्सीन का जानवरों पर सफल परीक्षण किया गया है।
मीडिया में आई खबरों के अनुसार, यह दावा किया गया कि परिणामों ने लाइव वायरल चैलेंज मॉडल में वैक्सीन की सुरक्षात्मक प्रभावकारिता का प्रदर्शन किया। हैदराबाद स्थित फर्म ने ट्वीट किया कि भारत बायोटेक गर्व से कोवैक्सीन के पशु अध्ययन परिणामों की घोषणा करता है। यह परिणाम एक लाइव वायरल चैलेंज मॉडल में सुरक्षात्मक प्रभावकारिता प्रदर्शित करते हैं।
कोवैक्सीन गैर-मानव स्तनपायी प्राणियों में सर्वोच्च श्रेणी के जीव (बंदर, चमगादड़ आदि) पर अध्ययन के नतीजों से वैक्सीन की प्रतिरक्षा क्षमता (इम्युनोजीनिसिटी) का पता चलता है। कंपनी ने कहा, कोवैक्सीन ने बंदरों में वायरस के प्रति ऐंटीबॉडीज विकसित की है।
बताते चले कि, भारत बायोटेक, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के साथ मिलकर कोरोना की वैक्सीन कोवैक्सीन बना रहा है। स्वदेशी ‘कोवैक्सीन’ को ड्रग रेगुलेटरी से ट्रायल के दूसरे चरण की मंजूरी मिल गई है। दूसरे चरण में कोवैक्सीन का ट्रायल सात सितंबर से शुरू हो चुका है।