भोपाल, 1 जून 2026: पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सीधी जिले के चुरहट क्षेत्र में पावर ट्रांसमिशन परियोजना के तहत किसानों की सहमति के बिना खेतों में टावर निर्माण को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे किसानों के अधिकारों का उल्लंघन और पूरी तरह गैर-कानूनी प्रक्रिया बताया।
अजय सिंह ने आरोप लगाया कि परियोजना से जुड़े लोग खेतों में बिना अनुमति प्रवेश कर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और विरोध करने पर किसानों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग है कि उन्हें वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार चार गुना मुआवजा दिया जाए, जो पूरी तरह उचित है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की सहमति और मुआवजे का उचित निपटारा नहीं होता, तब तक टावर निर्माण कार्य रोका जाना चाहिए।
अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी की गई तो क्षेत्र में आंदोलन और चक्का जाम जैसे कदम उठाए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।