राम मंदिर के निर्माण में 1100 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान
अयोध्या में राम मंदिर परिसर का निर्माण, मुख्य संरचना सहित लगभग सभी परियोजना के पूरे होने में 1100 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान है। इसमें मुख्य ढांचे का खर्च भी शामिल हैं। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष ने कहा है कि राम मंदिर को बनने में लगभग साढ़े तीन साल का वक्त लगेगा।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी राम गोविंद देव गिरिजी महाराज ने कहा है कि मुख्य राम मंदिर के निर्माण की लागत 300 से 400 करोड़ आंकी गई है। जबकि पूरे परिसर के निर्माण पर 1100 करोड़ रुपये से कम का खर्च नहीं आएगा।
कोषाध्यक्ष स्वामी राम गोविंद देव गिरिजी महाराज के मुताबिक राम मंदिर की मजबूत बुनियाद की योजना बनाने में देश की कई प्रतिष्टठित आईआईटी बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा है कि संरचनात्मक विशेषज्ञ और इंजीनियर मंदिर की नींव और आधारशिला के लिए ढांचा के लिए एक व्यापक योजना पर काम कर रहे हैं। कोषाध्यक्ष ने सोमवार 28 दिसंबर को ये जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आईआईटी दिल्ली, मद्रास, गुवाहाटी, बांबे और केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान, रुड़की के विशेषज्ञ और एलएंडटी व टाटा समूह के इंजीनियर राम मंदिर के परिसर के मजबूत आधार की प्लानिंग पर काम कर रहे हैं।
गिरिजी महाराज ने कहा है राम मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। इससे बनने में लगभग साढ़े तीन साल लग जाएंगे। उन्होंने ये भी जानकारी दी है कि मंदिर की आधारशिला के विकल्पों पर आज मंगलवार 29 दिसंबर को चर्चा होगी और फाइनल फैसला लिया जाएगा।
गिरिजी महाराज ने कहा है कि हम 4 लाख गांवों और 11 करोड़ परिवारों तक पहुंच रहे हैं ताकि इस पहल में समाज के हर वर्ग की भागीदारी हो सके। उन्होंने कहा है कि मंदिर के निर्माण के लिए व्यापक स्तर पर संपर्क और धन जुटाने पर काम किया जा रहा है और इस अभियान की शुरुआत भी हम जल्दी करेंगे।