केंद्रीय कैबिनेट ने बिहार के दरभंगा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बनाने के लिए मंजूरी दे दी। मंगलवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इसे स्वीकृति मिल गई। एम्स का निर्माण प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत किया जाएगा और चार साल में तैयार होने वाले एम्स में 1264 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
कैबिनेट ने एम्स की स्थापना के साथ 250000 रुपये मूल वेतन पर निदेशक पद के सृजन को भी मंजूरी दी है। सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 750 बेड की क्षमता वाले एम्स में 15 से 20 सुपर स्पेशलिटी विभाग होंगे। एमबीबीएस की 100 और बीएससी (नर्सिंग) की 60 सीटें होंगी। जानकारी में बताया गया कि अस्पताल का निर्माण सरकार की ओर से अनुमति की गई तारीख से 48 महीने के अंदर होगा।