सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में स्थित गुंजारी नदी के उद्गम स्थल और गुंजारी-नर्मदा संगम घाट पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने नदियों के संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन का संदेश दिया।
नदियों के उद्गम स्थलों के संरक्षण को लेकर जारी अपनी पदयात्रा के तहत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल गुंजारी नदी के उद्गम स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा कर जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प दोहराया।

उद्गम स्थल से जल लेकर मंत्री संगम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक पूजन किया। उन्होंने जनसहयोग से हुए घाट के जीर्णोद्धार कार्य का अवलोकन भी किया और इसमें योगदान देने वाले लोगों की सराहना की।

मंत्री पटेल ने कहा कि नदियां हमारी संस्कृति और जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि नदियों के उद्गम स्थलों का संरक्षण केवल पर्यावरण ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने समाज से जल स्रोतों के संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।