भोपाल। प्रधानमंत्री के कार्यकाल को केवल एक बार तक सीमित करने की मांग वाली याचिका को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने स्पष्ट कहा है कि इस तरह का कोई भी बदलाव संविधान में व्यापक संशोधन के बिना लागू नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने कहा कि ऐसे विषय समय-समय पर सामने आते रहते हैं और नए विचारों का स्वागत किया जाना चाहिए, लेकिन उन्हें लागू करने के लिए संवैधानिक प्रक्रिया का पालन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल को सीमित करने जैसे किसी भी प्रावधान के लिए बड़े स्तर पर संवैधानिक संशोधन की आवश्यकता होगी।
राहुल राज ने इस मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि संभवतः यह याचिका किसी राजनीतिक सोच से प्रेरित हो सकती है, जिसका उद्देश्य किसी विशेष नेता को प्रभावित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मुद्दों को राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा की ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ अवधारणा पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस का मानना है कि देश के लिए सबसे महत्वपूर्ण ‘वन नेशन, वन भाव’ यानी एकता, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द की भावना है।
इस याचिका को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस और अधिक गहराने की संभावना जताई जा रही है।