1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्त्‍ताओं ने प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्‍प

कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्त्‍ताओं ने प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्‍प

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्त्‍ताओं ने प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्‍प

देहरादून: प्रथम प्रधानमंत्री रहे पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उनके कार्यों को याद कर श्रद्धांजलि दी। रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने नेहरू वार्ड में जाकर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें स्मरण किया।

कहा कि पंडित नेहरू ने देश के विकास को एक नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि नेहरू के प्रधानमंत्री बनते ही अंग्रेजों ने करीब 500 देशी रियासतों को एक साथ स्वतंत्र किया था और उस समय सबसे बड़ी चुनौती थी उन्हें एक झंडे के नीचे लाना। उन्होंने भारत के पुनर्गठन के रास्ते में उभरी हर चुनौती का समझदारी पूर्वक सामना किया। जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।

उन्होंने योजना आयोग, विज्ञान प्रौद्योगिकी के विकास को प्रोत्साहित किया और तीन लगातार पंचवर्षीय योजनाओं का शुभारंभ किया। उनकी सफल नीतियों के कारण ही देश में कृषि और उद्योग के एक नये युग की शुरूआत हुई। प्रीतम सिंह ने कहा कि नेहरू ने भारत की विदेश नीति के विकास में एक प्रमुख भूमिका निभाई, उन्होंने सभी कार्यकर्त्‍ताओं से नेहरू के बताए रास्ते में चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता से लेकर आजादी के बाद देश के नवनिर्माण में पंडित नेहरू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

देश में समाजवाद को स्थापित करने और समाज के अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने में पंडित नेहरू ने महत्पूर्ण काम किया। उनके विचार आज भी देश ही नहीं बल्कि विश्व की राजनीति को नई दिशा देने में सफल रही है। इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री हरि कृष्ण भट्ट, प्रदेश सचिव कमर खान, जगदीश धीमान, आजाद अली, सुनित राठौर, राजकुमार यादव, राजेश चमोली, कृष्ण पाल सिंह, ललित थपलिया, चंद्र प्रकाश, आकाश खनेजा, उदिमा देवी, आदर्श सूद, भरत शर्मा, राजपाल सिंह, सुनील बांगा, अनुराधा तिवाड़ी आदि मौजूद रहे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...