भोपालः मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता कुणाल चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि फरवरी में शुरू होने वाली खरीदी 9 अप्रैल से शुरू हुई, जबकि 13 दिनों में 8 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और खुले बाजार को बंद कर किसानों को नुकसान पहुंचाया गया है।
कुणाल चौधरी ने शिवराज सिंह चौहान और नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान कर्ज में डूबा है और सरकार केवल आयोजन कर रही है। उन्होंने रायसेन में हुए कृषि कार्यक्रम को “तमाशा” बताया और कहा कि किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार किसानों पर जुर्माना लगाती है लेकिन फसलों का सही सर्वे तक नहीं कर पाती। साथ ही मांग की कि सरकार सीधे गेहूं खरीदे और किसानों को तुरंत भुगतान करे। कांग्रेस ने “किसान कल्याण वर्ष” को “किसान परेशान वर्ष” बताते हुए सरकार से किसान मुद्दों पर राजनीति बंद करने की अपील की है।
भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट