मध्य प्रदेश के बालाघाट में कांग्रेस के भीतर चल रहे विवाद के बीच एक नया मामला चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस महिला उत्पीड़न प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष मधु गजभिये ने कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामकुमार नगपुरे पर फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और महिला सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर उन्होंने कथित ऑडियो भी सार्वजनिक किया है, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
मधु गजभिये ने आरोप लगाया है कि फोन पर हुई बातचीत के दौरान उनके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया गया। मामले को गंभीर बताते हुए उन्होंने बालाघाट कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विवाद बढ़ने के बाद पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामकुमार नगपुरे ने भी अपना पक्ष सामने रखा है। उनका कहना है कि उन्होंने करीब छह महीने पहले मधु गजभिये को उनकी माता के उपचार के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी थी। उनके अनुसार, उसी राशि की वापसी को लेकर उन्होंने फोन किया था।

रामकुमार नगपुरे ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनका दावा है कि उन्हें एक महिला के माध्यम से फोन कर 50 हजार रुपये की मांग भी की गई थी। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक सक्रियता और बढ़ते प्रभाव को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से यह पूरा विवाद खड़ा किया गया है।
फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंच चुकी है और जांच जारी है। ऐसे में पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।