रिपोर्ट: सत्यम दुबे
वाराणसी: सीएम योगी के वाराणसी दौरे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की व्यवस्था दुरुस्त करने में लग गया है। लोगो को राहत पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि और अधिकारी पूरे दिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रहे। वहीं प्रशासन ने बाढ़ से राहत और बचाव की कवायद व तैयारियों पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन तैयार किया है।
CM योगी हवाई सर्वे करने के बाद दोपहर तीन बजे वाराणसी पहुंचेंगे और बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करेंगे। आपको बता दें कि इससे पहले साल 2019 में बनारस में आई बाढ़ के दौरान सीएम योगी ने इन क्षेत्रों का जायजा लिया था। ऐसे में उन्हें पिछली बाढ़ की पूरी जानकारी है और वर्तमान स्थिति का आंकलन वे करेंगे।
गाजीपुर जिले में बाढ़ के कारण आई परेशानियों का जायजा लेने के बाद सीएम योगी के 13 अगस्त को जिले में संभावित आगमन की सूचना मिली है। सीएम योगी गाजीपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। पीड़ितों से मिलकर राहत सामग्रियों का वितरण करेंगे। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों से वार्ता करने संबंधी कार्यक्रम भी संभावित है।
CM योगी के इस दौरे को लेकर बुधवार को वाराणसी मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, IG जोन एसके भगत समेत DM एमपी सिंह, SP डॉ. ओपी सिंह ने गहमर स्टेडियम एवं गहमर इंटर कालेज का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। संभावना जताई जा रही है कि ग्राम गहमर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत सामग्री का वितरण करेंगे। DM ने दौरे को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया है। इस मौके पर सेवराई के SDM रमेश मौर्या, BDO भदौरा अरुण कुमार वर्मा आदि अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।