रिपोर्ट: नंदनी तोदी
लखनऊ: भाजपा और टीएमसी के बीच विवाद से हर कोई परिचित है, क्योंकि अक्सर ये दोनों पार्टियां आमने-सामने आते रहें हैं। बता दें कि आने वाले 4 महीनों में पश्चिम बंगाल में चुनाव होने है। इसे लेकर ये दोनों पार्टियां लगातार रैली कर रहे है और एक-दूसरे पर वार कर रहे है। अब इसी वार-प्रतिवार के बीच सीएम योगी ने बंगाल की सीएम पर बड़ा तंज कसा है।
दरअसल, ममता बनर्जी शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मनाने के लिए कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में आयोजित कार्यक्रम में पहुंची थीं, जहां उन्होंने मंच पर बोलने से इनकार कर दिया। क्योंकि जिस वक्त उन्हें मंच को संबोधन करने के लिए बुलाया गया था, उस वक्त कार्यक्रम में मौजूद भीड़ ने जय श्री राम के नारे लगा दिये। जो ममता को नागवार गुजरा और उन्होंने मंच पर बोलने से इनकार कर दिया। और इसे खुद का अपमान बताया।
ममता के इसी बयान पर सीएम योगी ने कहा कि, ”यदि कोई जय श्री राम कहता है तो इसमें बुरा मानने की कोई बात नहीं है क्योंकि यह तो एक प्रकार का अभिवादन है।” उन्होंने कहा,”यदि कोई नमस्कार या जय श्री राम कहता है तो यह उनके शिष्टाचार को दर्शाता है।”
इतना ही नहीं, ‘जय श्री राम’ के नारे लगने के बाद संबोधित करने से इनकार के बारे में एक सवाल के जवाब में योगी ने कहा, ”हम किसी को भी बोलने के लिए मजबूर नहीं कर रहें। लेकिन यदि कोई जय श्री राम कहता है तो इसमें बुरा लगने जैसा कुछ नहीं है।”
सीएम योगी ने दावा किया कि देश में जिन राज्यों में कानून-व्यवस्था सबसे अच्छी है, उसमें से एक उत्तर प्रदेश है।