नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में अभी कुछ माह शेष है, उससे पहले ही विभिन्न दलों में नेताओं के आने-जाने का सिलसिला शुरु हो गया है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए उनका खानदान ही परिवार था। पहले दो तीन जिलों में ही बिजली आती थी।
सीएम योगी ने कहा कि जिन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए समाज को बांटा उनको समाज ने इतिहास के गर्त में डाला है। उन्होंने कहा कि कल हम कुशीनगर में थे, पीएम नरेंद्र मोदी ने डेढ़ लाख से अधिक की भीड़ को संबोधित किया, सबमें उत्साह था। लेकिन पहले एक परिवार में उत्साह होता था कि किसको कितना लूट ले रहे है। पहले बिजली 1-2 जिलों के लिए बंधक बना दी गयी थी। आज सबको बिजली मिल गयी।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के लिए 130 करोड़ जनता परिवार है और हमारे लिए 24 करोड़ जनता परिवार है। लेकिन सपा के लिए सिर्फ अपना परिवार था। सीएम योगी ने कहा कि मोदी राज में कोई खुद को उपेक्षित महसूस न करें। मोदी है तो मुमकिन है में विश्वास रखें। पहले चीन, पाकिस्तान घुसपैठ करता था तो सरकारें कहती थी कि कुछ मत बोलो सबंध खराब हो जाएंगे। वो संबंधों के लिए देश को दांव पर लगाते थे। लेकिन आज ऐसे में सर्जिकल स्ट्राइक से जवाब दिया जाता है।
योगी ने आरोप लगाया कि सपा, कांग्रेस, बसपा किसी की सरकार रही गरीब को त्रस्त, आम आदमी को परेशान किया जाता था। माफियाओं से संपत्ति पर कब्जा करवाया जाता था। प्रशासन को उनके सामने गिरवी रखा जाता था। दुर्भाग्य से कांग्रेस के समय महामारी आती तो भाई बहन इटली भाग गए होते। उन्होंने कहा कि सपा के समय आयी होती तो चाचा-भतीजे (अखिलेश यादव-शिवपाल यादव) में होड़ लग गयी होती कौन कितना ज्यादा हड़प ले। किस माफियाओं को ठेका दिलवा दे। बहनजी के समय तो भगवान ही मालिक होता।
आपको सीएम योगी ने अपना ये बयान लखनऊ में बीजेपी द्वारा आयोजित ‘सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन’ में दिया है।