रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: सीएम योगी गुरुवार शाम को दिल्ली दौरे पर जाने वाले हैं। आगामीं विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीएम का दिल्ली दौरा काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो अपनी इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। भारतीय जनता पार्ची उत्तर प्रदेश में 23 अगस्त से ‘बूथ विजय अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है। भाजपा अध्यक्ष नड्डा 2700 बूथ के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद स्थापित करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य बूथ विजय अभियान के तहत 23 सितंबर तक विधानसभा की तकरीबन 400 सीटों पर 50 कार्यकर्ताओं को पहुंचाने का है। पार्टी विधानसभा की हर सीट पर 40 से 50 सक्रिय कार्यकर्ताओं को पहुंचाने की तैयारी कर रही है। आपको बता दें कि हाल ही में योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाएं जोरों पर थी। लेकिन विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में मंत्रिमंडल के विस्तार पर सीएम योगी की पार्टी अलाकमान से चर्चा हो सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार की सूची पार्टी आलाकमान को पहले ही सौंप दी गई है, लेकिन अभी तक कैबिनेट का विस्तार नहीं हो पाया है। सीएम योगी के दिल्ली दौरे में इस मसले पर भी चर्चा हो सकती है। इसके साथ ही सीएम योगी गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। शाह यूपी के प्रभारी महासचिव रहे हैं और वह सूबे की राजनीति को बखूबी समझते हैं।
कयास लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों भाजपा अपने बड़े कार्यकर्ताओं के कार्यक्रमों का आयोजन यूपी में करेगी। बताया जा रहा है कि इसमें सबसे बड़ा कार्यक्रम अमित शाह का होगा। भारतीय जनता पार्टी के लिए यूपी विधानसभा चुनाव काफी अहम है। बीजेपी की पूरी कोशिश है कि इस बार भी 2017 जैसा प्रदर्शन दोहराने की।
साल 2017 जैसा प्रदर्शन करने के लिए पार्टी और संगठन दोनों स्तर पर रणनीति तैयार की जा रही है। पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो भाजपा को 312 सीटों पर जीत मिली जबकि सपा को 47 सीटें, बसपा 19 सीटें, कांग्रेस को 7 सीटों पर विजय मिली। रालोद के खाते में 1 सीट, अपना दल (सोनेलाल) के खाते में 9 सीट और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के खाते में 4 सीटें गईं। सभसपा और अपना दल भाजपा गठबंधन में शामिल थे।