अनुशासनहीनत को लेकर सीएम योगी सख्त, संभल के CDO को किया निलंबित
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम अनुशासनहीनता के आरोपों में संभल के जिला विकास अधिकारी रामसेवक को निलंबित करने का आदेश दिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर इस कार्रवाई की जानकारी दी है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, रामसेवक पर उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने, आईजीआरएस अंतर्गत आख्या प्रेषित न करने, अधीनस्थों से अभद्रता करने और बगैर समुचित अनुमति के जनपद मुख्यालय से बाहर जाने सहित अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता के अनेक आरोप प्रथमदृष्टया सिद्ध हुए हैं। जवाब मांगे जाने पर भी आरोपी अधिकारी की ओर से जवाब नहीं दिया गया।
यही नहीं, पूर्व की तैनाती के दौरान भी रामसेवक पर मनमानी करने के तमाम मामले सामने आए हैं। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से इनको निलंबित करने का आदेश दिया है. प्रकरण की गहन जांच के लिए संयुक्त विकास आयुक्त, बरेली मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया हैं।
इसके अलावा यूपी सरकार प्रयागराज में सरकारी देशी शराब की दुकानों में अवैध शराब की बिक्री पर कड़ा एक्शन लेते हुए प्रयागराज के जिला आबकारी अधिकारी व निरीक्षक के साथ एक कॉन्सटेबल को निलंबित कर दिया हैं।
बता दें कि प्रयागराज के फूलपुर में सरकारी देशी शराब की दुकान से खरीदी गई मिलावटी शराब पीने से 6 लोगों की मौत हो गई थी जिस पर सरकार ने कड़ा एक्शन लिया हैं।