रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के SGPCI पहुंचकर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह के स्वास्थ्य बारे में पीजीआई के डायरेक्टर आरके धीमान से जानकारी ली है। PGI की तरफ से सीएम योगी को बताया गया कि पूर्व सीएम की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और मेडिकल एक्सपर्ट, उनके स्वास्थ्य की निगरानी लगातार रख रहे हैं।
आपको बता दें कि क्रिटिकल केयर मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और एंडॉक्रिनलॉजी के वरिष्ठ डॉक्टर कल्याण सिंह की तबीयत पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि कल्याण सिंह की तबीयत अभी भी पहली जैसी ही बनी हुई है और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम यानी की वेंटिलेटर और डायलिसिस पर रखा गया है।
इसके साथ ही उन्हें पहले की ही भांति हाई प्रेशर ऑक्सीजन दिया जा रहा है। पिछले 4 जुलाई को कल्याण सिंह को SGPGI लखनऊ में भर्ती किया गया था। जिसके बाद से लगातार भाजपा के नेताओं द्वारा पीजीआई जाकर उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल लिया जाने लगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा मंत्री, सुरेश खन्ना कल्याण सिंह से मिलने पहुंचे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कल्याण सिंह की तबीयत पर नजर बनाए हुए हैं।
SGPGI की तरफ से जारी किए गए प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की स्वास्थ्य की स्थिति नाजुक बनी हुई है। वे जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं। विशेषज्ञ सलाहकारों द्वारा उनकी कड़ी निगरानी की जा रही है। निदेशक प्रोफेसर आरके धीमान रोजाना उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं।